

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के महेशपुर गेट के पास सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय विकास पटेल की दर्दनाक मौत हो गई। चेतना नगर निवासी विकास सेल्फ और डायनेमो मरम्मत की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विकास को ट्रामा सेंटर भेजा, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मनोरमा देवी पति की मौत की सूचना सुनते ही बेसुध हो गईं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि महेशपुर गेट के पास आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन अब तक पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। लोगों ने यहां जल्द से जल्द फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग दोहराई है। लहरतारा चौकी प्रभारी प्रवीण सचान ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।