

उन्नाव। जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राधिकरण के सचिव एवं नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाकर बिना लेआउट स्वीकृति के की जा रही अवैध प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया।

कार्रवाई गंगा विहार कॉलोनी, आटा बंथर और कड़ेर पतारी आजाद मार्ग क्षेत्र में की गई। यहां करीब 8 बीघे भूमि पर बिना मानचित्र और लेआउट स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग कराई जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण और प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
सचिव/नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण या प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध प्लाटिंग कराने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित लेआउट और मानचित्र की स्वीकृति की जांच जरूर करें।