Editor

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दूषित मिठाई की फैक्ट्री पकड़ी

Hamari sevaye

30 कुंतल मिठाई नष्ट, 134 किलो रिफाइंड तेल सीज; छेना, मिल्क केक, बर्फी और तेल के नमूने लिए

VK Finance

फतेहपुर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने खागा थाना क्षेत्र के ग्राम सतनरैनी स्थित एक मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कारखाना संचालक बबलू के यहां अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में दूध, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी से मिल्क केक, बर्फी तथा छेना रसगुल्ला तैयार किए जाते पाए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर टीम ने छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए लिए।

कार्रवाई के दौरान मौके से 134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया गया, जबकि करीब 10 कुंतल तैयार मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई गई।

जांच में सामने आया कि इसी कारखाने में तैयार की गई मिठाइयों को रक्षाबंधन पर्व पर बिक्री के लिए कोड़ापुर स्थित पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज में भंडारित किया गया था। खाद्य विभाग की टीम ने कोल्ड स्टोरेज पहुंचकर वहां रखी करीब 20 कुंतल मिठाई भी नष्ट कराई। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 30 कुंतल दूषित मिठाई नष्ट कराई गई।

खाद्य विभाग की ओर से कारखाना संचालक को सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही आवश्यक सुधार किए जाने तक मिठाई निर्माण कारखाने को बंद करा दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम खागा अश्वनी पाण्डेय और सीओ खागा रवि सिंह भी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा टीम में सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चन्द्र और देवेश मिश्रा शामिल रहे।

रक्षाबंधन से पहले हुई इस कार्रवाई से मिलावटी एवं असुरक्षित मिठाई के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment