

वाराणसी। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जनपद के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें स्वयं प्राप्त कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार जिला एवं तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण संतुष्टिपरक होना चाहिए और गलत रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर फरियादियों की शिकायतें सुनने तथा गंभीर मामलों का मौके पर जाकर समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सभी अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा लंबित शिकायतों का स्वयं संज्ञान लेकर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
