

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार को एक महिला ने ट्रिपलेट प्रेग्नेंसी के बाद एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। सूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चिकित्सकीय टीम ने करीब 30 मिनट के भीतर महिला का सामान्य प्रसव कराया। महिला ने एक बेटी और दो बेटों को जन्म दिया।

सूरतगंज क्षेत्र के नौबस्ता निवासी रोहित कुमार की 35 वर्षीय पत्नी मंजू को शनिवार दोपहर अचानक तेज प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उन्हें तत्काल सूरतगंज CHC लेकर पहुंचे। अस्पताल में भर्ती करने के बाद उन्हें लेबर रूम में शिफ्ट किया गया, जहां प्रसव प्रक्रिया शुरू हुई।
स्टाफ नर्स सीमा के मुताबिक, करीब 30 मिनट के भीतर मंजू ने एक-एक कर तीन बच्चों को जन्म दिया। इनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। तीनों नवजातों को जन्म के तुरंत बाद चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।
चिकित्सकों के अनुसार, प्रसव के बाद मां और तीनों नवजातों की हालत स्थिर है। हालांकि, तीनों बच्चों का वजन कम होने के कारण उन्हें बेहतर निगरानी और विशेष देखभाल के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।