

वाराणसी/सुल्तानपुर, 21 मई। ने गौमाता की रक्षा को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि गायों को कटने से बचाने के लिए देशभर में गाय खरीदी जाएगी। इसके लिए ओएलएक्स की तर्ज पर “गोएलएक्स” नाम से एक वेबसाइट शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से गाय बेचने के इच्छुक हिंदू संपर्क कर सकेंगे और गायों को सुरक्षित संरक्षण दिया जाएगा।

शंकराचार्य जी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कोई सच्चा हिंदू गौमाता को कसाइयों के हाथ नहीं सौंपता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ माध्यमों द्वारा यह झूठा नैरेटिव फैलाया जा रहा है कि मुसलमानों द्वारा गाय न खरीदे जाने से हिंदू व्यापारी संकट में हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में गौमाता की रक्षा और उन्हें “राज्यमाता” घोषित कराने की मांग को लेकर 81 दिवसीय “गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा” निकाली जा रही है। इसी क्रम में जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने टीवी डिबेट्स और समाचार चैनलों में दिखाए जा रहे कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई, जिनमें यह दर्शाया जा रहा था कि हिंदू अपनी गायें बेचने के लिए परेशान हैं।
शंकराचार्य जी ने स्पष्ट कहा कि हिंदू गाय का व्यापार सेवा और पालन-पोषण की भावना से करता है, न कि वध के लिए। यदि किसी को यह पता चल जाए कि गाय काटी जाएगी, तो वह किसी भी कीमत पर उसे नहीं बेचेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति गौवध के उद्देश्य से गाय बेचता है तो वह केवल नाम का हिंदू है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोग हिंदू नाम रखकर गायों का व्यापार करते हैं ताकि पकड़े जाने पर हिंदू समाज बदनाम हो। वहीं, उन्होंने कहा कि यदि मुसलमान समाज गौमांस का सेवन छोड़ दे तो हिंदू-मुस्लिम वैमनस्य काफी हद तक समाप्त हो सकता है। उन्होंने बताया कि कई मुस्लिम लोगों ने भी उनके गौसंरक्षण अभियान का समर्थन किया है और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की है।
शंकराचार्य जी ने कहा कि “गोएलएक्स” योजना के तहत यदि कोई हिंदू गाय बेचना चाहता है तो संस्था स्वयं उसे खरीदेगी। इस अभियान में कई गौभक्त और हिंदू संगठन सहयोग कर रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी ने बताया कि जल्द ही “गोएलएक्स” वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा और इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।