
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रदेशभर में व्यापक अभियान शुरू किया है। खाद्य एवं रसद विभाग की प्रवर्तन टीमें लगातार छापेमारी कर कार्रवाई कर रही हैं। विभाग के अनुसार 12 मार्च से अब तक कालाबाजारी के मामलों में 233 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा 237 लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई भी जारी है।

अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में अब तक 19,882 स्थानों पर छापेमारी की गई है। एलपीजी वितरकों के खिलाफ 33 मामले दर्ज किए गए हैं, वहीं गैस की कालाबाजारी से जुड़े अन्य मामलों में लगभग 200 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जहां भी अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए हैं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था भी मजबूत की गई है।
खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार जिलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और कालाबाजारी या गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।