

लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों में मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में मंगलवार को दिन में ही अंधेरा छा गया। काले बादलों और तेज हवाओं के चलते लोगों को वाहन की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल में तेज बारिश और 15 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। कई लोग रास्तों में फंस गए और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों तक बारिश, धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी रह सकता है।
बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और बदायूं में अगले तीन घंटों के भीतर 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में घरों में रहने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।